अंबिकापुर में ACB-EOW की टीम ने अंबिकापुर के कपड़ा कारोबारी और सप्लायर फर्म धजाराम-विनोद कुमार के संचालक के घर पर छापा मारा है। फर्म के संचालकों का नाम DMF घोटाले में आया था और FIR दर्ज है। पूर्व में फर्म के संचालकों के यहां ED की टीम ने छापा मारा था। प्रदेश में ACB-EOW की टीम ने शराब घोटाला मामले में 5 शहरों में छापेमारी की है।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 4 बजे ACB-EOW के अधिकारियों की टीम दो गाड़ियों में कपड़ा कारोबारी और सप्लायर फर्म धजाराम-विनोद कुमार के संचालक मुकेश अग्रवाल, अशोक अग्रवाल के ब्रम्हरोड स्थित आवास पर पहुंची। टीम ने घर में सो रहे सदस्यों को उठाया और जांच शुरू की। मामला DMF घोटाले से जुड़ा हुआ है।
फर्म के द्वारा पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बड़े पैमाने पर सरकारी विभागों में सप्लाई की गई थी। इनमें महिला एवं बाल विकास और आदिम जाति कल्याण विभाग शामिल हैं।
पहले पहुंच चुकी है ईडी
कारोबारी फर्म के संचालकों मुकेश अग्रवाल व अशोक अग्रवाल का नाम DMF घोटाले की जांच में सामने आया था। DMF घोटाले की जांच कर रही ED की टीम ने पहले छापा मारकर दस्तावेज जब्त किए थे। इसके बाद यह दूसरी बार छापेमारी की कार्रवाई हुई है।

बताया गया है कि सप्लायर फर्म के संचालक अशोक अग्रवाल और मुकेश अग्रवाल का नाम DMF घोटाले की FIR में भी है। अधिकारी बंद घर में जांच कर रहे हैं। जांच के संबंध में अब तक कोई भी जानकारी निकलकर सामने नहीं आई है।