AMBIKAPUR : अब सप्ताह में सिर्फ तीन दिन उपलब्ध होंगी उड़ान सेवाएं

AMBIKAPUR : अंबिकापुर के महामाया एयरपोर्ट (दरिमा) से संचालित होने वाली फ्लाइट सेवाओं में कटौती कर दी गई है। अब ये सेवाएं सप्ताह में केवल गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को ही उपलब्ध रहेंगी। फ्लाई बिग एयरलाइंस ने यह नया शेड्यूल 19 मई को जारी किया है।
AMBIKAPUR : पहले पांच दिन चलती थीं फ्लाइट, अब घटकर तीन दिन हुई
फ्लाई बिग एयरलाइंस ने दिसंबर 2024 में अंबिकापुर से रायपुर और बिलासपुर के लिए उड़ानें शुरू की थीं। शुरुआत में सप्ताह में तीन दिन फ्लाइट चलाई गई, जिसे दो महीने पहले बढ़ाकर पांच दिन कर दिया गया था। मंगलवार से शनिवार तक नियमित उड़ानें संचालित हो रही थीं। अब तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए फिर से सेवाएं तीन दिन कर दी गई हैं।
AMBIKAPUR : तकनीकी खराबी बना वजह
एयरपोर्ट अथॉरिटी के सुशील श्रीवास्तव के अनुसार, कंपनी ने विमान में तकनीकी खराबी आने के कारण शेड्यूल में बदलाव किया है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि यह कटौती कब तक लागू रहेगी।
AMBIKAPUR : अंबिकापुर-बिलासपुर रूट पर नहीं मिल रहे यात्री
अंबिकापुर और बिलासपुर के बीच उड़ान सेवा में यात्री न मिलने की समस्या सामने आई है। जबकि इस रूट का न्यूनतम किराया 999 रुपए निर्धारित किया गया है, इसके बावजूद अधिकांश उड़ानें खाली जा रही हैं। यात्रियों की कमी कंपनी के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।
रायपुर रूट पर किराया घटने से बढ़ी यात्रियों की संख्या
तीन महीने पहले फ्लाई बिग ने अंबिकापुर-रायपुर और रायपुर-अंबिकापुर रूट पर किराया 3999 से 4999 रुपए तक बढ़ा दिया था। इसके कारण यात्रियों की संख्या घट गई थी। मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद किराया घटाकर 1499 रुपए किया गया, जिससे इस रूट पर यात्री संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिली।
सेवा अनिश्चितता से यात्री परेशान
फ्लाई बिग द्वारा बार-बार शेड्यूल में बदलाव करने से यात्रियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। विशेषकर अंबिकापुर-बिलासपुर रूट को लेकर कंपनी स्वयं भी असमंजस में है। सप्ताह में पांच दिन फ्लाइट चलने के बाद अब अचानक तीन दिन कर देने से लोगों में निराशा है।